(प्रयागराज,UP)30मार्च,2026.
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2024 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है. फाइनल रिजल्ट में नेहा पांचाल ने टॉप किया है, जबकि अनन्या त्रिवेदी दूसरा और अभय प्रताप सिंह को तीसरा स्थान मिला है. पीसीएस 2024 के फाइनल रिजल्ट में लड़कियों को बोलबाला रहा है. टॉप 10 में कुल 6 लड़कियां शामिल है, जबकि पहले और दूसरे नंबर पर बाजी मारने वाली भी लड़कियां हैं.
पीसीएस 2024 फाइनल रिजल्ट के टॉप टेन में 6 लड़कियों ने परचम लहराया है. नेहा पांचाल टॉपर घोषित की गई है, जबकि दूसरे स्थान पर अनन्या त्रिवेदी और चौथे स्थान पर अनामिका मिश्रा, पांचवें स्थान नेहा सिंह, छठे स्थान पर दीप्ति वर्मा, सातवें स्थान पर पूजा तिवारी ने सफलता हासिल कर प्रदेश में अपना और अपने परिवार का नाम रोशन किया है.
कुल 932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किए गए
गौरतलब है उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा कुल 947 पदों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है. चयनित 932 अभ्यर्थियों में से 613 पुरुष और 319 महिलाएं है. आयोग के सचिव अशोक कुमार ने जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी है कि पीसीएस में सम्मिलित कुल 24 प्रकार के पदों/सेवाओं के लिए चयन किया गया है. पीसीएस 2024 की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट चार फरवरी 2026 को घोषित किया गया था.
इंटरव्यू के लिए सफल घोषित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू यूपी लोक सेवा आयोग द्वारा 26 फरवरी 2026 से 23 मार्च 2026 तक सम्पन्न किया गया था. जिसमें 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. प्रश्नगत परीक्षा में सम्मिलित कुल 24 प्रकार के पदों/सेवाओं के लिए उपलब्ध 947 रिक्तियों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा सफल घोषित किया गया है। (साभार एजेंसी)
