गांधी आश्रम पहुंचे उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन

UP / Uttarakhand

(बेतिया,बिहार)5अप्रैल,2026.

पश्चिम चंपारण जिले के भितिहरवा गांधी आश्रम में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन पहुंचे। यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने चंपारण सत्याग्रह का नेतृत्व करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी थी।

अपने आगमन पर उपराष्ट्रपति ने सबसे पहले गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने आश्रम परिसर स्थित मुख्य कुटिया का अवलोकन किया, जहां ऐतिहासिक वस्तुएं और दुर्लभ छायाचित्र प्रदर्शित हैं। इन माध्यमों से चंपारण सत्याग्रह की गाथा और गांधीजी के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

भ्रमण के दौरान उपराष्ट्रपति ने संग्रहालय कक्ष 1 एवं 2 में प्रदर्शित छायाचित्रों और दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया और उनमें विशेष रुचि दिखाई। इसके पश्चात वे प्रार्थना कक्ष पहुंचे, जहां उन्होंने गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। साथ ही उन्होंने कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।

आगे बढ़ते हुए उन्होंने संग्रहालय कक्ष 3 एवं 4 का भी निरीक्षण किया और पूरे आश्रम परिसर का भ्रमण करते हुए इसके ऐतिहासिक महत्व तथा संरक्षण कार्यों की सराहना की। दौरे के अंत में उपराष्ट्रपति ने विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज किए और इस स्थल के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर सैयद अता हसनैन (बिहार के राज्यपाल) तथा हरिवंश (राज्यसभा के उपसभापति) भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी तरन जोत सिंह ने उपराष्ट्रपति और अन्य अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। यह दौरा ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा और नई पीढ़ी को गांधीजी के विचारों तथा चंपारण सत्याग्रह के महत्व से अवगत कराने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *