(मऊ,UP)5अप्रैल,2026.
मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत ग्रामीण मार्गों पर मिनी बसों के संचालन के लिए परिवहन निगम के सभी नौ क्षेत्रों से आवेदन मांगे गए थे। 28 मार्च तक चली इस आवेदन प्रक्रिया में विभाग को जिलेभर से 29 बस संचालकों ने आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इन संचालकों ने दो हजार रुपये अनुबंध के तौर पर परिवहन निगम को जमा भी कर दिया है। अप्रैल माह में चयन प्रक्रिया पूरी कर मई माह से ग्रामीण रूटों पर मिनी बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में मिनी बसों के संचालन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। इसमें जिलाधिकारी अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सदस्य एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को सदस्य सचिव बनाया गया है।
परिवहन निगम द्वारा निजी बस संचालकों से विभिन्न रूटों पर 15 से 28 सीटर बसों के संचालन के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिसमें 28 मार्च तक 29 आवेदकों ने बस संचालन के लिए आवेदन किया।
प्रत्येक आवेदन पर दो हजार रुपये अनुबंध के तौर पर जमा कराया गया। समिति द्वारा 13 अप्रैल से पहले प्राप्त आवेदनों पर विचार कर मुख्यालय रिपोर्ट भेजना है। एक मई से ग्रामीण क्षेत्रों में बसों का संचालन शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
फतेहपुर मंडाव ब्लाक में चलेंगी दस बसें
परिवहन के क्षेत्र में सबसे ज्यादा पिछड़ा ब्लाक फतेहपुर मंडाव से जिला मुख्यालय संचालन के लिए परिवहन विभाग की बसों की सेवा न होने से लोगों को परेशानी होती थी। जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लोगों को कई साधन बदलने पड़ते थे।
इस रूट पर मिनी बस संचालन के लिए 10 निजी बस संचालकों द्वारा आवेदन किया गया है। अब इन क्षेत्र के लोगों को कम किराया में ब्लाक, तहसील व जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
मंडल में पहला व प्रदेश में सातवां स्थान
मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में बसों के संचालन के लिए प्राप्त आवेदन के मामले में मंडल में पहले व प्रदेश के 75 जिलों में सातवें स्थान पर मऊ डिपो है। मंडल के आजमगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों में बसों के संचालन के लिए चार आवेदन प्राप्त हुए जबकि बलिया डिपो में 10 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं मऊ डिपो में नौ ब्लाकों में मिनी बस संचालन के लिए 29 आवेदन प्राप्त हुए।
ब्लॉक वार जानकारी
ब्लॉक का नाम संख्या
फतेहपुर मंडाव ब्लाक 10
घोसी ब्लाक 3
वडरांव ब्लाक 7
दोहरीघाट ब्लाक 3
रानीपुर ब्लाक 3
रतनपुरा ब्लाक 1
मधुबन ब्लाक 2
क्या कहते हैं अधिकारी
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 28 सीटर बसों के संचालन के लिए 29 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 13 अप्रैल से पहले आवेदनों पर विचार कर प्रदेश मुख्यालय रिपोर्ट भेज दी जाएगी। बस उपलब्ध होते ही मई माह से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। -गौतम कुमार गुप्ता, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन विभाग उ प्र(साभार एजेंसी)
