इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस-SOG की बड़ी कार्रवाई

Uttar Pradesh

(महाराजगंज,UP) 10अप्रैल,2026.

नेपाल सीमा पर नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशे में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन बरामद किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुरन्दरपुर थाना पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने रानीपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो आरोपियों-राजेन्द्र धरिकार उर्फ इलू निवासी जुगौली, सोनौली और आदित्य कुमार मिश्र निवासी कम्हरिया बुजुर्ग, कोल्हुई-को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में कार की डिक्की से कुल 5700 एम्पुल इंजेक्शन बरामद हुए, जिनमें डाइजापाम, बुप्रेनोर्फिन और प्रोमेथोजीन शामिल हैं। इन दवाओं का उपयोग सामान्यतः चिकित्सीय कार्यों में होता है, लेकिन इनका अवैध रूप से नशे के लिए दुरुपयोग किया जाता है। बरामद इंजेक्शनों की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, 9000 रुपये नकद और एक कार भी जब्त की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले छह महीनों से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे और इंजेक्शनों को नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।

पुलिस के अनुसार इन दवाओं को मिलाकर “कॉकटेल ड्रग” तैयार किया जाता है, जो युवाओं के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। इस मामले में थाना पुरन्दरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है(साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *