रोशन पंजाब:चमकेंगे 13 हजार गांव

Punjab/ Hariyana

(जालंधर,पंजाब)12अप्रैल,2026.

पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने रविवार को जालंधर के सर्किट हाउस में ‘मुख्यमंत्री पंजाब रोशन योजना’ को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य को “रंगला पंजाब” बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में 11 अप्रैल को कैबिनेट ने इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत पूरे पंजाब के 13 हजार गांवों में 3 लाख से अधिक नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

मंत्री अरोड़ा ने कहा कि पहले भी करीब 1.14 लाख स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन मेंटेनेंस की कमी के कारण कई लाइटें खराब पड़ी रहीं। अब सरकार ने इस व्यवस्था को पूरी तरह से सुधारने का फैसला लिया है ताकि गांवों में रोशनी के साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। पहले स्ट्रीट लाइट परियोजनाओं में 30 फीसदी फंड सरकार और 70 फीसदी पंचायतों को देना पड़ता था। लेकिन अब नई योजना के तहत 70 फीसदी खर्च पंजाब सरकार उठाएगी और केवल 30 फीसदी राशि पंचायतें देंगी। इससे गांवों पर आर्थिक बोझ कम होगा और काम तेजी से पूरा होगा।

नई स्ट्रीट लाइटों पर क्यूआर कोड और जियोटैगिंग की सुविधा होगी। सभी लाइटें चंडीगढ़ में स्थापित होने वाले कंट्रोल सेंटर से मॉनिटर की जाएंगी। यदि कोई लाइट खराब होती है तो 3 दिनों के भीतर उसे ठीक करना संबंधित कंपनी की जिम्मेदारी होगी, और 7 साल तक मेंटेनेंस का जिम्मा भी कंपनी का रहेगा। अगर कंपनी द्वारा तय समय पर लाइटें ठीक नहीं करवाई जाती है तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता अस्पतालों, स्कूलों, सार्वजनिक चौकों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पहले लाइटें लगाने की है। इसके बाद घनी आबादी और एससी बस्तियों में रोशनी पहुंचाई जाएगी।

मंत्री ने कहा कि इस योजना से गांवों में सुरक्षा का माहौल बनेगा, लूट-पाट की घटनाएं कम होंगी और लोगों के कामकाज के घंटे बढ़ेंगे। करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह प्रोजेक्ट पंजाब के ग्रामीण ढांचे को नई पहचान देगा।

वहीं बड़े शहरों जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, मोहाली और अन्य में बिजली से चलने वाली स्ट्रीट लाइटों को भी बदलने पर काम चल रहा है। जालंधर में 65000 से अधिक स्ट्रीट लाइट लगी है जिसका मासिक 12 करोड रुपए तक बिल आता है। सोलर लाइट लगने से नगर निगम का पैसा बच जाएगा।

वहीं शहर में स्ट्रीट लाइट और कैमरे लगाने के प्रोजेक्ट में हुई हेरफेर को लेकर जांच करवाने के लिए स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा से जानकारी देकर करवाई करवाने की बात कही।

वहीं कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने कहा कि पोस्टर पर गैंगस्टरों के साथ मुख्यमंत्री की फोटो लगा कर लोगों से मदद की अपील की गई थी ताकि अपराध को रोक सकें। लेकिन आम आदमी पार्टी के विधायकों की पोस्टर में फोटो लगाने की टिप्पणी को मंत्री अरोड़ा ने घटिया करार दिया और कहा कि माफी मांगे। जाखड़ ने जनता के चुने हुए विधायकों को अपशब्द कहकर जनता के विश्वास का अपमान किया है।

बेअदबी न हो इसलिए कड़े कानून, एसजीपीसी श्री गुरु ग्रंथ साहिब लेने वालों का रिकॉर्ड रखेगी
पंजाब में बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए कैबिनेट ने दी जागत ज्योति श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संसोधन) विधेयक 2026 को मंजूरी दी। पहले बेअदबी होने पर अक्सश्र वारदात को अंजाम देने वाले मंदबुद्धि निकलते थे लेकिन अब उनपर भी कड़ी कार्रवाई होगी। यही नहीं श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छपाई और जो खरीद रहे हैं उनकी पूरी जानकारी एसजीपीसी के पास होगी। उनसे लिखित में लिया जाएगा कि अगर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी होती है तो खरीदने वाले भी जिम्मेदार होंगे। कानून में संशोधन इसलिए किया की कड़ी सजा और जुर्माना के कारण बेअदबी हो ही नहीं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *