श्रावस्ती के स्पोर्ट्स स्टेडियम में बढ़ेंगी आधुनिक सुविधाएं

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)13अप्रैल,2026.

खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए जिला श्रावस्ती के जिला मुख्यालय भिनगा में स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में जल्द ही सुविधाओं का विस्तार होगा। स्टेडियम के मुख्य गेट के पास स्थित भूमि पर तीन मंजिला भवन बनेगा। इसमें अत्याधुनिक सुविधाओंं से युक्त जिम्नेजियम हाल व कांफ्रेंसिंग रूम बनाया जाएगा।

खेल विभाग की ओर से भेजे गए सात करोड़ 79 लाख 95 हजार रुपये के प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी मिल गई है। दो कराेड़ रुपये का बजट भी अवमुक्त हुआ है।

स्पोर्ट्स स्टेडियम के परिसर में बनने वाले तीन मंजिला भवन के भूतल पर जिम्नेजियम हाल, प्रथम तल पर खो-खो, कबड्डी व बहुउद्देशीय इंडोर हाल बनेगा, जबकि शीर्ष तल पर कार्यालय व कांफ्रेंसिंग कक्ष का निर्माण होगा। स्टेडियम के जर्जर पवेलियन का पुनरोद्धार कर रंग-रोगन भी कराया जाएगा। इसके ऊपर टीन शेड का निर्माण होगा।

इससे स्टेडियम आने वाले खिलाड़ियों व दर्शकों को काफी सहूलियत मिलेगी। निर्माण के लिए शासन की ओर से उप्र सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। 18 माह में निर्माण पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है।

जिला क्रीड़ाधिकारी शिवकुमार यादव ने बताया कि भवन निर्माण के लिए शासन से प्रारंभिक बजट अवमुक्त हुआ है।कार्यदायी संस्था के जेई विपिन कुमार पांडेय ने बताया कि बजट मिल गया है। 15 अप्रैल से निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। निर्धारित अवधि के अंदर निर्माण पूरा कराकर भवन का हस्तांतरण कर दिया जाएगा। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *