पंचायतों में पद का दुरुपयोग न हो,होअयोग्यता की व्यापक व्याख्या

National

(नई दिल्ली)23मई,2026

सुप्रीम कोर्ट का एक अहम फैसला देशभर के जनप्रतिनिधियों के लिए सख्त संदेश और मजबूत नजीर बनकर सामने आया है। अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर कोई जनप्रतिनिधि अपने पद का इस्तेमाल निजी या पारिवारिक लाभ के लिए करता है, तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अदालत ने यह भी कहा कि अयोग्यता से जुड़े नियमों की संकीर्ण व्याख्या करना कानून के मूल उद्देश्य को कमजोर करता है।

क्या है पूरा मामला?:
यह मामला गुजरात की एक ग्राम पंचायत की महिला सरपंच से जुड़ा है, जिन पर आरोप था कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने ही पति की साझेदारी वाली फर्म को 13.52 लाख रुपये का पंचायत ठेका दिया। इस मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया था। बाद में अतिरिक्त विकास आयुक्त और गुजरात हाईकोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा।

इसके बाद सरपंच ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर कर इस निर्णय को चुनौती दी, लेकिन शीर्ष अदालत ने 18 मई को याचिका खारिज कर दी और निचली अदालतों के फैसले को सही ठहराया।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?:
जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने साफ कहा कि अयोग्यता से जुड़े प्रावधानों को सीमित नजरिए से नहीं देखा जा सकता। यदि ऐसा किया गया, तो कानून का असली उद्देश्य—यानी सार्वजनिक पदों पर पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखना- खत्म हो जाएगा। अदालत ने माना कि सरपंच ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने परिवार को आर्थिक लाभ पहुंचाया, जो स्पष्ट रूप से गलत है।

हितों के टकराव पर सख्त रुख:
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में “हितों के टकराव” (Conflict of Interest) को गंभीर मुद्दा मानते हुए कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि का किसी ठेके या कार्य में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हित जुड़ा है, तो वह अयोग्यता का आधार बन सकता है। राज्य सरकार ने भी गुजरात पंचायत अधिनियम की धारा 30(1)(g) का हवाला देते हुए कहा कि पंचायत सदस्य या सरपंच किसी ऐसे कार्य में शामिल नहीं हो सकता, जिसमें उसका निजी हित जुड़ा हो।

टेंडर प्रक्रिया का बचाव नहीं चला:
याचिकाकर्ता ने अपने बचाव में कहा कि ठेका सार्वजनिक टेंडर प्रक्रिया के जरिए दिया गया था और उनकी पति की फर्म सबसे कम बोली लगाने वाली थी।
लेकिन अदालत ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि सार्वजनिक प्रक्रिया होने के बावजूद, यदि हितों का टकराव है, तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

प्राकृतिक न्याय का तर्क भी खारिज:
सरपंच ने यह भी तर्क दिया कि उन्हें एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट की प्रति नहीं दी गई, जिससे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब मुख्य तथ्य स्वयं स्वीकार किए जा चुके हैं, तो केवल तकनीकी आधार पर पूरी कार्यवाही को गलत नहीं ठहराया जा सकता।

पुराने फैसलों का हवाला:
अदालत ने अपने 2023 के ‘वीरेंद्र सिंह बनाम अतिरिक्त आयुक्त’ मामले का भी जिक्र किया, जिसमें एक जनप्रतिनिधि को अपने बेटे को ठेका देने के कारण अयोग्य ठहराया गया था। कोर्ट ने दोहराया कि अयोग्यता के प्रावधान जानबूझकर व्यापक बनाए गए हैं, ताकि सार्वजनिक संस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

देशभर के लिए क्यों है यह नजीर?:
यह फैसला केवल एक सरपंच तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर की पंचायतों, नगर निकायों और अन्य स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के लिए एक स्पष्ट मार्गदर्शक बन गया है। अब यह साफ हो गया है कि पद का दुरुपयोग किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।परिवार या रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाना गंभीर अपराध माना जाएगा। नियमों की तकनीकी व्याख्या के जरिए बचने की कोशिश सफल नहीं होगी। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला लोकतंत्र में पारदर्शिता और नैतिकता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह सभी जनप्रतिनिधियों के लिए एक चेतावनी है कि सार्वजनिक पद “सेवा” के लिए है,न कि निजी लाभ कमाने का माध्यम।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *