बाढ़,जलभराव से निपटने के लिए नालों की सफाई शुरू

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)30मई,2026.

मानसून के मद्देनजर हरियाणा में बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने नालों की सफाई और गाद निकालने का अभियान शुरू कर दिया है। विभाग ने इस वर्ष राज्यभर में कुल 716 नालों की सफाई और गाद निकालने का लक्ष्य तय किया है। इन नालों की कुल लंबाई 4,369.69 किलोमीटर है।

विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नालों, नहरों और जल निकासी चैनलों से गाद, खरपतवार, झाड़ियां, पेड़-पौधे तथा अन्य अवरोधक हटाए जाएंगे जिससे उनकी जल प्रवाह क्षमता बढ़ सके। अग्रवाल ने सभी उपायुक्तों, अधीक्षण अभियंताओं और कार्यकारी अभियंताओं को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यालय स्तर के अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा ताकि कार्यों की लगातार निगरानी की जा सके। सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी भी नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से अभियान की प्रगति पर नजर रख रही हैं।

नालों की सफाई विभागीय मशीनरी के अलावा ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से भी कराई जा रही है जिससे कार्य समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा हो सके। विभाग का लक्ष्य जून 2026 तक सभी चिन्हित 716 नालों की सफाई पूरी करना है। इन कार्यों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जलभराव तथा बाढ़ के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *