राजस्थान में शीघ्र पहुंचेगा मानसून

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)30जून,2026.

राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब रफ्तार पकड़ने वाली हैं। मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। 2 से 5 जुलाई के बीच कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। 1 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी, जबकि 2 जुलाई के बाद मानसून और अधिक सक्रिय हो सकता है। इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है। वहीं 30 जून और 1 जुलाई से बीकानेर संभाग तथा शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं।(साभार समाचार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *