गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग अनिवार्य

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)03जुलाई,2026

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने राज्य के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग को अनिवार्य कर दिया है। मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में यह कदम प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और ई-पीएमएसएमए के तहत आयोजित होने वाले दिवसों पर लागू होगा, जिनमें हर गर्भवती महिला की दांतों और मसूड़ों की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी।

मुस्कान से मातृत्व तक पहल का उद्देश्य:
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस पहल का मकसद गर्भावस्था के दौरान होने वाली दंत समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि मां और नवजात शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने इसे सरकार का ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान हार्मोनल बदलावों की वजह से मसूड़ों की बीमारी और दांतों की सड़न का खतरा काफी बढ़ जाता है।

मंत्री ने आगाह किया कि ओरल हेल्थ की अनदेखी से समय-पूर्व प्रसव और बच्चे के जन्म के समय कम वजन जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ सकती हैं। उन्होंने भावी माताओं से हर महीने की 9, 10, 23 तारीख और महीने के अंतिम कार्य दिवस पर आयोजित होने वाली इस मुफ्त सेवा का लाभ उठाने की अपील की।

कैसे होगा क्रियान्वयन:
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के मिशन डायरेक्टर डॉ. आर.एस. ढिल्लों ने बताया कि प्रसव पूर्व क्लीनिकों में आने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की बुनियादी जांच प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी करेंगे। विशेष उपचार की जरूरत वाली महिलाओं को नजदीकी सरकारी दंत चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रसव पूर्व देखभाल टीमों और डेंटल टीमों के बीच बेहतर तालमेल के लिए सभी सिविल सर्जनों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य कर्मी महिलाओं को ओरल हाइजीन, ब्रश करने के सही तरीके, पौष्टिक आहार और समय पर दंत उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक करेंगे। डॉ. ढिल्लों ने स्पष्ट किया कि डॉक्टरी देखरेख में गर्भावस्था के दौरान दांतों की सामान्य जांच और इलाज पूरी तरह सुरक्षित है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *