(हिसार,हरियाणा)09जुलाई,2026
हरियाणा और एनसीआर क्षेत्र में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 11 जुलाई के बाद मानसून की सक्रियता में कमी आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, गुरुग्राम, रेवाड़ी, रोहतक और झज्जर में बारिश हुई। भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और हिसार के हांसी क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार भारतीय मानसून के स्वरूप में बदलाव देखने को मिल रहा है। जलवायु परिवर्तन और प्रशांत महासागर में अल नीनो की सक्रियता के कारण मानसून का पारंपरिक पैटर्न प्रभावित हुआ है।
मौसम प्रणालियों का प्रभाव:
बंगाल की खाड़ी से बनने वाली मौसम प्रणालियां अब पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रही हैं। इससे कुछ राज्यों में अधिक बारिश और कुछ क्षेत्रों में सूखे की स्थिति बन रही है। दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। इसके प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो-तीन दिन बारिश की संभावना है।
तापमान और उमस में वृद्धि
11 जुलाई के बाद मानसून गतिविधियों में कमी आएगी। अगले सप्ताह तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ उमस बढ़ सकती है। 18-19 जुलाई के आसपास मानसून टर्फ दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। अंबाला में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।(साभार एजेंसी)
