मानसून हुआ प्रभावी,भारी बारिश का अलर्ट

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)11जुलाई,2026

राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में हो रही मानसूनी बारिश की वजह से मौसम में नरमी देखी गई। कई जिलों में बादलों ने जमकर पानी बरसाया। मानसून की सक्रियता के चलते तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय मानसूनी परिस्थितियों की वजह से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके मद्देनजर कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ जिलों में बारिश की तीव्रता को देखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए येलो वार्निंग भी जारी की गई है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में मानसूनी सक्रियता के कारण अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई। इनमें मेरठ में सबसे अधिक 315 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 270.1 मिमी और मुजफ्फरनगर शहर में 213.3 मिमी बारिश हुई। वहीं हैदरगढ़ (बाराबंकी) और चुनार (मिर्जापुर) में 160-160 मिमी, मेरठ में 181.3 मिमी और सरधना (मेरठ) में 116 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अब तक सामान्य से कम हुई बारिश:
हालांकि, इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में कुल प्रादेशिक वर्षा सामान्य से कम रही है। वर्तमान में वास्तविक वर्षा 140.9 मिमी दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा का औसत 169.4 मिमी है, जो कि सामान्य से 17 प्रतिशत कम है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य औसत (187.7 मिमी) के मुकाबले केवल 113.5 मिमी बारिश हुई है, जो 40 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है। इसके विपरीत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून मेहरबान रहा है; वहाँ सामान्य औसत (143.7 मिमी) के मुकाबले 180.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 25 प्रतिशत अधिक है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 11 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। वहीं, 12 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

बादलों की मेहरबानी से गर्मी के तेवर ठंडे:
राजधानी में शुक्रवार को सुबह से रात तक कई बार रुक-रुक कर बारिश हुई। शाम में हुई बारिश काफी तेज रही। बादलों की इस मेहरबानी से गर्मी के तेवर पूरी तरह से ठंडे नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में शुक्रवार शाम तक 13.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिन में बारिश के असर से शुक्रवार की शाम को मौसम काफी सुहाना हो गया। शहर के सभी पर्यटक स्थल और पार्क गुलजार दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश के आसार भी हैं। इसके अलावा बादलों की आवाजाही चलती रहेगी। इसके असर से अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास देखने को मिल सकता है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री की कमी के साथ 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान एक डिग्री की कमी के साथ 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य के करीब रहा। बारिश की वजह से अधिकतम आर्द्रता 97 और न्यूनतम 77 प्रतिशत दर्ज की गई।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *