उपराष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ दौरा,तैयारियां तेज

MP/ Chhatishgarh

(रायपुर,छत्तीसगढ़)22अगस्त,2026.

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारी की जा रही है. मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत एवं कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

2 सितंबर को AIIMS आएंगे उपराष्ट्रपति
मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के हिसाब से तय की जाए. उन्होंने एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री एवं एग्जिट प्लान सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए. उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

सुरक्षा,चिकित्सा और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन एवं अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को निर्देश दिए. उन्होंने एयरपोर्ट औक कार्यक्रम स्थल पर पुलिस तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की।

मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं पर भी अहम निर्देश दिए गए।

वंदे मातरम और राष्ट्रगान पर भी निर्देश
कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा गया है. मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन एवं अधिकारियों को भी दीक्षांत समारोह के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने कहा है।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, कलेक्टर रायपुर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *