(नई दिल्ली)02अक्टूबर,2026
गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 157वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके आदर्श दुनियाभर में सम्मानित हैं। श्रीमती मुर्मु ने कहा है कि दुनिया के कई हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्ष के माहौल में गांधी जी का शांति और अहिंसा का संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ किसी भी नागरिक से न छूटे, इसके लिए संवेदना और समावेशिता के मूल्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि यह सोच महात्मा गांधी के ‘सर्वोदय’ के आदर्श को दर्शाती है, जो सभी के कल्याण और उत्थान पर आधारित है। उन्होंने नागरिकों से नैतिक आचरण और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सशक्त, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराने का भी आह्वान किया।(साभार एजेंसी)
