(लखनऊ,UP)17अक्टूबर,2026
उत्तर प्रदेश में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड में आयुष अस्पताल और अन्य संसाधन विकसित किए जाएंगे। इसके लिए नई आयुष पॉलिसी-26 का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। इसे नवंबर में कैबिनेट से मंजूरी दिलाने की तैयारी है। नई पॉलिसी में निवेशकों को कैपिटल सब्सिडी, जमीन खरीदने पर स्टांप ड्यूटी में छूट और ग्रीनफील्ड परियोजनाओं के लिए विशेष रियायतें देने की योजना है। आयुष उद्योग और रिसर्च को बढ़ावा देने के साथ दवाओं की जांच के लिए मजबूत ढांचा तैयार किया जाएगा।
प्रस्तावित पॉलिसी में पंचकर्म, नेचुरोपैथी और वेलनेस सेंटर पर विशेष ध्यान दिया गया है। आयुष अस्पतालों के निर्माण के साथ आयुर्वेद, योग और होम्योपैथी से जुड़े नए कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बताया कि नई आयुष पॉलिसी-26 का ड्राफ्ट तैयार है। इसे नवंबर में कैबिनेट से पास कराने की तैयारी है।(साभार एजेंसी)
