आज से खत्म हो जाएगा चक्रवात का असर

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)17अक्टूबर,2026

पश्चिमी यूपी में बारिश और तेज हवाओं का दौर अब थमने लगा है। शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ जगहों पर 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा के तेज झोंके चले। इससे दिन में मौसम में नरमी रही।

मौसम विभाग का कहना है कि अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने से शनिवार से बारिश से राहत मिलने और मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं। दिन का तापमान करीब दो डिग्री बढ़ सकता है, जबकि रात में 2-3 डिग्री की गिरावट से हल्की ठंडक बढ़ेगी।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 15 और 16 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वांचल में भी कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश दर्ज की गई।

बारिश पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हुई। बागपत में 58 मिमी बारिश दर्ज की गई। मथुरा में 34 मिमी और मुजफ्फरनगर में 34.2 मिमी बारिश हुई। कुछ जिलों में तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया।

उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ जाएगा। इसके बाद प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन का तापमान करीब दो डिग्री बढ़ेगा, जबकि रात के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात में हल्की ठंडक बढ़ेगी। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *