दीपावली-दीपोत्सव को लेकर CM योगी ने की समीक्षा

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)03नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश भर में सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की पुख्ता और चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री जी ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने, भ्रामक खबरें फैलाने या शरारतपूर्ण बयानबाजी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर तत्काल और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।

श्री अयोध्या धाम में 07 नवंबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा तथा सुरक्षा को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री जी ने अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर उसे आमजन में व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए। सभी प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।

धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर मुख्यमंत्री जी ने मुख्य बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24×7 पुलिस निगरानी, सघन फुट पेट्रोलिंग और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और पीआरवी-112 की गाड़ियां लगातार सक्रिय रहें।

पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री जी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर, खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाए जाएं। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडरों और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि त्योहारों के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में रोस्टरमुक्त, निर्बाध बिजली आपूर्ति और शुद्ध पेयजल की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय त्योहार से पहले ही उनके बैंक खातों में अनिवार्य रूप से ट्रांसफर कर दिया जाए।

किसानों के हितों की रक्षा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री जी ने सभी जिलाधिकारियों को यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर निरंतर नजर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने या निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री जी ने यह भी निर्देश दिया कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए और उनकी उपज की तौल पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ की जाए। कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना केंद्र से निराश होकर न लौटने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *