उत्तर प्रदेश में 16 IAS और 4 PCS अफसरों के तबादले

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)16 नवंबर,2026

उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को 16 आईएएस और चार पीसीएस अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर दिया। इनमें वाराणसी व कानपुर के मंडलायुक्त के अलावा छह जिलों भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती व शामली के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। शासन स्तर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।

शासनादेश के अनुसार के. विजयेंद्र पांडियन जो मंडलायुक्त कानपुर, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, प्रबंध निदेशक राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड, प्रबंध निदेशक स्टेट स्पिनिंग कंपनी, प्रबंध निदेशक स्टेट यार्न कंपनी लिमिटेड, प्रबंध निदेशक सहकारी कताई मिल्स संघ तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी उप्र टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के रूप में कार्यरत थे, उन्हें अब वाराणसी के मंडलायुक्त के पद पर नई तैनाती दी गई है।

एस. राजलिंगम जो मंडलायुक्त वाराणसी के पद पर तैनात थे, उन्हें मंडलायुक्त कानपुर बनाया गया है, जबकि रविकुमार एनजी जो मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा, स्थानिक आयुक्त एवं आयुक्त एनसीआर के रूप में काम देख रहे थे, उन्हें मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण तथा आयुक्त एवं निदेशक उद्योग हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. बलकार सिंह जो मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के पद पर थे, उन्हें मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा, स्थानिक आयुक्त तथा आयुक्त एनसीआर बनाया गया है। सौम्या अग्रवाल जो श्रमायुक्त के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, प्रबंध निदेशक स्टेट स्पिनिंग कंपनी, प्रबंध निदेशक स्टेट यार्न कंपनी, प्रबंध निदेशक सहकारी कताई मिल्स संघ तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

अनिल कुमार सिंह जो अपर आयुक्त एवं अपर प्रबंधक (बैंकिंग) सहकारी समितियां के पद पर तैनात थे, उन्हें डीएम भदोही व मुख्य कार्यपालक अधिकारी भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण बनाया गया है। शैलेश कुमार जो डीएम भदोही व मुख्य कार्यपालक अधिकारी भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के पद पर थे, उन्हें डीएम चंदौली बनाया गया है।

चंद्र मोहन गर्ग जो डीएम चंदौली के पद पर थे, उन्हें विशेष सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है, रमेश रंजन जो अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद के पद पर थे, उन्हें डीएम गोंडा और प्रियंका निरंजन जो डीएम गोंडा के पद पर थीं, उन्हें विशेष सचिव नगर विकास विभाग बनाया गया है। उमेश मिश्रा जो स्थानांतरणाधीन विशेष सचिव नगर विकास के पद पर थे, उन्हें डीएम जौनपुर और सैमुएल पॉल एन जो डीएम जौनपुर के पद पर थे, उन्हें अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) सहकारी समितियां बनाया गया है।

मनोज कुमार राय जो विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा व राजनीतिक पेंशन के पद पर थे, उन्हें डीएम श्रावस्ती, अन्नपूर्णा गर्ग जो डीएम श्रावस्ती के पद पर थीं, उन्हें विशेष सचिव बाल विकास व पुष्टाहार, आलोक यादव जो डीएम शामली के पद पर थे, उन्हें विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक और प्रवीण वर्मा जो अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा के पद पर थे, उन्हें डीएम शामली बनाया गया है।

चार पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव :

पीसीएस अधिकारियों में रेणुका दीक्षित जो एसडीएम इटावा के पद पर थीं, उन्हें एसडीएम शामली, डॉ. विश्व भूषण मिश्र जो उप सचिव उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पद पर थे, उन्हें संयुक्त निदेशक स्थानीय निकाय निदेशालय, अभिनव पाठक जो एसडीएम आगरा के पद पर थे, उन्हें एसडीएम प्रयागराज मेला प्राधिकरण, विशेष कार्याधिकारी प्रयागराज विकास प्राधिकरण और सौम्या मिश्रा जो स्थानांतरणाधीन एसडीएम प्रयागराज मेला प्राधिकरण, विशेष कार्याधिकारी प्रयागराज विकास प्राधिकरण के पद पर थीं, उन्हें एसडीएम आगरा बनाया गया है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *