शीतलहर से बचाव को CM धामी के आदेश पर जिलों में अलर्ट जारी

Uttarakhand

(देहरादून )16नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में शीतलहर की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जनपदों को व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक द्वारा शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सचिव श्री सुमन ने बताया कि सभी जनपदों को कोल्ड वेव एक्शन प्लान को अपडेट रखने तथा विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने को कहा गया है। जनपद, तहसील, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। शीतलहर से संबंधित कार्यों के लिए सभी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। उनके नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराते हुए आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

शीतलहर के दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय एवं सतर्क रखा जाएगा। मौसम संबंधी चेतावनियों, सड़क एवं यातायात की स्थिति, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं तथा बेघर एवं निराश्रित लोगों की स्थिति की नियमित निगरानी कर आवश्यक सूचना संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाई जाएगी।

सचिव श्री सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं शीतलहर संबंधी चेतावनियों को जिला स्तर से तहसील, विकासखंड, नगर निकाय, ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभागों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाएगा।

जनपदों में पूर्व से शीतलहर, पाला, बर्फबारी एवं अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से उच्च हिमालयी, दुर्गम, दूरस्थ तथा सड़क संपर्क से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां जनजीवन एवं आवश्यक सेवाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए तैयारी की जाएगी।

श्री सुमन के अनुसार, बुजुर्ग एवं अकेले रहने वाले व्यक्ति, नवजात एवं छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन, गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्ति, खुले में रहने वाले श्रमिक, बेघर एवं निराश्रित व्यक्ति, सड़क किनारे रहने वाले लोग तथा अत्यंत गरीब एवं कमजोर परिवारों की पहचान एवं निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार उन्हें गर्म कपड़े, कंबल, आश्रय, भोजन एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस भी बनाने को कहा गया है।

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार रैन बसेरों एवं अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इन स्थानों पर हीटर, गर्म पानी, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अत्यधिक ठंड वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे/यात्री स्थलों, अस्पतालों, श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अलाव की व्यवस्था की जाएगी।

जिला चिकित्सालयों, उप जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को शीतलहर के दृष्टिगत आवश्यक रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण, चिकित्सा दलों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता तथा मोबाइल चिकित्सा दलों की तैयारी सुनिश्चित की जाएगी। हाइपोथर्मिया एवं फ्रॉस्टबाइट के संभावित मामलों की पहचान और त्वरित उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

आपदा प्रबंधन सचिव के अनुसार, शीतलहर, पाला एवं बर्फबारी से प्रभावित होने वाली सड़कों का पूर्व चिन्हीकरण कर आवश्यक मशीनरी एवं उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क खोलने वाली मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पाला एवं बर्फ से प्रभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाने तथा संवेदनशील मार्गों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के साथ आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की अग्रिम तैनाती की जाएगी। बर्फबारी प्रभावित मार्गों पर भारी वाहनों एवं मशीनरी की आवाजाही के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पालाग्रस्त क्षेत्रों में सड़कों पर चूने तथा नमक का नियमित तौर पर छिड़काव करने को कहा गया है।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *