उप्र में 2027 के सार्वजनिक और निर्बन्धित अवकाशों की सूची जारी

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)17नवंबर,2026

उत्तर प्रदेश शासन ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी कर्मचारियों के सार्वजनिक अवकाश और निर्बन्धित अवकाशों की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी किए गए इस आधिकारिक कैलेंडर में होली, दीवाली सहित सभी बड़े पर्वों और रविवार को पड़ने वाले अवकाशों का पूरा विवरण दिया गया है।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2027 में होली के पर्व पर मुख्य सार्वजनिक अवकाश 23 मार्च मंगलवार को रहेगा। वहीं 22 मार्च सोमवार को होलिका दहन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है और 24 मार्च बुधवार को होली का निर्बन्धित अवकाश रहेगा। इस बार 21 मार्च को रविवार होने के कारण सरकारी कर्मचारियों को होली पर लगातार तीन दिनों तक छुट्टी का लाभ मिलेगा।

इसी तरह दीपावली पर्व पर भी अवकाशों की लंबी श्रृंखला रहेगी। दीवाली का मुख्य सार्वजनिक अवकाश 29 अक्टूबर शुक्रवार को घोषित किया गया है। इसके अगले दिन 30 अक्टूबर शनिवार को गोवर्द्धन पूजा का अवकाश रहेगा और 31 अक्टूबर रविवार को भैयादूज एवं चित्रगुप्त जयंती का अवकाश होगा। वहीं 28 अक्टूबर गुरुवार को नरक चतुर्दशी का निर्बन्धित अवकाश तय किया गया है।

तीन बड़े पर्व रविवार को पड़ने से नहीं मिलेगा अतिरिक्त लाभ

वर्ष 2027 के कैलेंडर में कई महत्वपूर्ण पर्व और जयंती रविवार को पड़ रही हैं, जिसके कारण सरकारी कर्मचारियों को अलग से अवकाश का लाभ नहीं मिल सकेगा। इनमें प्रमुख रूप से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 31 अक्टूबर को भैयादूज एवं सरदार पटेल जयंती और 14 नवम्बर को गुरु नानक जयंती तथा कार्तिक पूर्णिमा शामिल हैं।

कुल 26 सार्वजनिक अवकाश, मकर संक्रांति से होगी शुरुआत

शासन ने वर्ष 2027 के लिए कुल 26 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए हैं। इनमें मकर संक्रांति और संत रविदास जयंती सहित तीन ऐसे अवकाश शामिल किए गए हैं, जो पिछले वर्ष 2026 में निर्बन्धित अवकाश की श्रेणी में थे। इस बार उन्हें बढ़ाकर सार्वजनिक अवकाश में शामिल कर दिया गया है। इसके साथ ही 15 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती को भी सार्वजनिक अवकाश के रूप में घोषित किया गया है, हालांकि यह अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के अंतर्गत नहीं होगा।

जारी कैलेंडर के अनुसार वर्ष 2027 की पहली सार्वजनिक छुट्टी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर होगी। इस बार स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को रविवार के दिन पड़ रहा है और उसी दिन ईद-ए-मिलाद / बारावफात का पर्व भी पड़ रहा है, ऐसे में कर्मचारियों को इन छुट्टियों का दोहरा लाभ नहीं मिल पाएगा।

छह छुट्टियां शनिवार को, फाइव डे वीक वालों को नुकसान

कैलेंडर के अनुसार कई प्रमुख त्योहार रविवार और शनिवार को पड़ रहे हैं। इनमें 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद, 31 अक्टूबर भैयादूज, 14 नवंबर गुरु नानक जयंती और 12 दिसंबर हजरत अली का जन्म दिवस रविवार को पड़ रहे हैं। वहीं संत रविदास जयंती, महाशिवरात्रि सहित कुल छह छुट्टियां शनिवार को पड़ रही हैं, जिससे पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों को इन अवकाशों का अतिरिक्त लाभ नहीं मिल सकेगा।

सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव एसवीएस रंगाराव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 15 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह जयंती और 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस की छुट्टी कार्यकारी आदेशों के अधीन रहेगी। इसके अलावा एक अप्रैल को बैंकों और कोषागारों में वार्षिक लेखाबंदी के कारण अवकाश रहेगा।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिलाधिकारी अपने जिले में अधिकतम तीन स्थानीय अवकाश घोषित कर सकेंगे। इससे अधिक स्थानीय छुट्टियां देने के लिए शासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले विभागों में स्थानीय छुट्टियां और कार्यकारी आदेश से घोषित अवकाश लागू नहीं होंगे।

27 निर्बन्धित अवकाशों की सूची भी जारी

सार्वजनिक अवकाशों के साथ-साथ सरकार ने 27 निर्बन्धित अवकाशों की सूची भी जारी की है। इसमें नया साल, शब-ए-बरात, वसंत पंचमी, जमात-उल-विदा, ईस्टर, परशुराम जयंती, महाराणा प्रताप जयंती, छठ पूजा समेत कई प्रमुख त्योहार शामिल हैं, जिनका लाभ कर्मचारी नियमानुसार ले सकेंगे। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *