यम द्वितीया मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,यमुना स्नान कर की पूजा-अर्चना

UP / Uttarakhand

(प्रयागराज UP)03नवंबर,2024.

भैयादूज पर घूरपुर के भीटा पहाड़ी पर लगने वाले ऐतिहासिक यमद्वितीया मेले के पहले दिन लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने यमुना स्नान कर सुजावन देव मंदिर में पूजा-अर्चना की और मेले का आनंद उठाया। यमुना नदी के सुजावन देव घाट पर यमुना स्नान करने वाले श्रद्धालु शनिवार की भोर से ही जुटने लगे थे। स्नानार्थियों का आने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। लोगों ने यमुना स्नान कर मंदिर में पूजा-अर्चना किया।

मान्यता है कि भैयादूज के दिन यमुना स्नान करना बहुत फलदाई होता है। क्षेत्र में एक किंवदंती प्रचलित है कि भैया दूज के दिन ही यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने उनके घर गए थे। बहन के आतिथ्य और सेवा सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने बहन को वरदान दिया था कि आज के दिन जो आपकी शरण में आएगा वह मेरे बंधनों से मुक्त रहेगा। इसी मान्यता के चलते लोग भैयादूज के दिन यमुना स्नान अवश्य करते हैं।

मेले में जुटने वाले लोग नदी की दो धाराओं के बीच स्थित सुजावन देव मंदिर के प्राकृतिक सौंदर्य निहारने और मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए जुटते हैं। इस वर्ष प्रदेश के मुख्य सचिव के आदेश पर पूरे मेला क्षेत्र में विद्युतीकरण किया गया था, जिसके चलते मेला में अधिक रौनक रही। मेले में लगी विभिन्न दुकानों पर लोगों ने खूब खरीददारी की। झूले, सर्कस, थियेटर, और विभिन्न तरह के खेल खिलौने मेले का आकर्षण रहे।मेला रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *