शिक्षकों हेतु परस्पर तबादलों के लिए पेयरिंग हुई शुरू

Uttar Pradesh

(लखनऊ UP)19मई,2025.

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के एक से दूसरे जिले में परस्पर तबादले के लिए जोड़ा बनाने (पेयरिंग) की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। शिक्षक ओटीपी शेयर कर 26 मई तक पेयर बना सकेंगे। जबकि 28 मई को तबादला आदेश जारी होगा।

उत्तर प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों में तबादले की प्रक्रिया दो महीने से ज्यादा से चल रही है। इसके लिए कई बार आवेदन की तिथि और कई बार आवेदन सत्यापन की तिथि बढ़ाई गई। इसे लेकर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही थी। अंत में बेसिक शिक्षा निदेशक द्वारा 24 बीएसए को नोटिस जारी करने के बाद सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हुई है।

बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि एक से दूसरे जिले के लिए जोड़ा बनाने की प्रक्रिया 19 से 26 मई तक होगी। तबादला आदेश 28 मई को जारी होगा और 29 मई से पांच जून के बीच कार्यभार ग्रहण व कार्य मुक्त किया जाएगा।

इसी क्रम में जिले के अंदर परस्पर तबादले के लिए जोड़ा 29 मई से 06 जून तक ओटीपी शेयर कर बनाया जाएगा। 09 जून को तबादला आदेश जारी किया जाएगा। जबकि कार्यमुक्त व कार्यभार ग्रहण 10 जून से 15 जून तक किया जाएगा। बता दें कि जिले के अंदर परस्पर तबादले के लिए 39 हजार से अधिक, वहीं एक से दूसरे जिले में परस्पर तबादले के लिए 31 हजार से अधिक शिक्षक आवेदक हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *