(अयोध्या UP)21मई,2025.
रामनगरी की पौराणिकता की गवाह पावन सलिला सरयू की महाआरती अब और भव्य होगी। वाराणसी की तर्ज पर सरयू की महाआरती को भव्यता प्रदान करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए आरती घाट को विस्तारित किया जा रहा है। अब तक आरती घाट पर पांच वेदियां बनीं थी अब इनकी संख्या बढ़कर नौ होने जा रही है। चार नई वेदियों का निर्माण शुरू हो गया है। संगमरमर के पत्थर से चार फाउंडेशन और बनाए जा रहे हैं। सरयू नदी का घाट और सरयू आरती स्थल आकर्षण का केंद्र होगा। आरती स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्थाएं होंगी। इतना ही नहीं घाटों पर तीर्थ पुरोहितों के बैठने की व्यवस्था के साथ गो पूजन के लिए गायों के बांधने के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है।
आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास ने बताया कि आरती घाट को विस्तारित किया जा रहा है। इससे अधिक श्रद्धालु आरती के साक्षी बन सकें। साथ ही वेदियों की संख्या बढ़ाकर नौ की जा रही है। प्रमुख पर्व व त्योहार जैसे रामनवमी, सावन मेला, सीता नवमी, सरयू जयंती, दीपोत्सव व कार्तिक मेले के अवसर पर नौ वेदियों पर नौ अर्चकों की ओर से सरयू की विशेष आरती की जाएगी।(साभार एजेंसी)