(बुलंदशहर, UP)09अगस्त,2025.
बुलंदशहर के नरौरा में गंगा बैराज पर गंगा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ते हुए खतरे के निशान को पार कर गया है। जिससे गंगा किनारे के खेतों में बाढ़ का पानी भर गया है। इससे किसान चिंतित हैं। सिंचाई विभाग ने बैराज और तटबंधों पर अलर्ट जारी किया है।
सिंचाई विभाग के जल लेखा सहायक देवेश कुमार ने बताया कि जलस्तर लगातार वृद्धि के साथ शुक्रवार को सुबह छह बजे नरौरा बैराज से नदी की डाउन स्ट्रीम में 281676 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। जो कि समुद्र तल 179.14 मीटर है।
हेड वर्क्स के एसडीओ अंकित सिंह ने बताया कि बैराज से 2.5 लाख क्यूसेक पानी की निकासी होने व जल स्तर समुद्र तल से 178.765 मीटर होने पर जल स्तर खतरे के निशान पर पहुंचता है। बैराज के सभी 61 गेट का नियंत्रण स्वचालित तकनीक से नियंत्रण कक्ष से किया जा रहा है।
बैराज पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात हैं तथा गंगा नदी के तटबंध पर कमी पेट्रोलिंग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर अनूपशहर व अहार क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में एक फीट से अधिक पानी बढ़ जाने से 10 गांवों के किसानों की फसल जलमग्न हो गई। सबसे अधिक चारे का संकट गहराने लगा है।
राजघाट के आबादी क्षेत्र के बाजार और अनूपशहर की आबादी में 80 फीट से अधिक तक पानी घुर गया। इससे लोगों को घाटों व मंदिरों पर आने-जाने में परेशानी हो रही है।(साभार एजेंसी)
