बाराबंकी रहा प्रदेश में सबसे ठंडा जिला,नीचे गिरा न्यूनतम तापमान

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)08नवंबर,2025.

एक दिन पहले अचानक तापमान में आई भारी गिरावट का असर शनिवार को भी रहा। दिन में गुनगुनी धूप ने राहत दी तो शाम होते होते सिहरन बढ़ने लगी और रात में ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, अभी एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। किसी खास परिवर्तन के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। एक सप्ताह तक सुबह हल्की धुंध या कोहरा रहेगा तो वहीं दिन में धूप और रातें ठंडी रहेंगी।

नवंबर के पहले सप्ताह से ही ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सुबह हल्की धुंध और कोहरा दिखने लगा है। शनिवार को सबसे ठंडा बाराबंकी रहा जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार की तरह ही कानपुर भी ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री दर्ज किया गया। आगरा में 11.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

आंचलिक मौसम विज्ञाान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि छह से सात दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट के बाद अब अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्का कोहरा और धुंध के आसार बने रहेंगे। साथ ही पछुवा हवाएं भी शाम से रात तक सिहरन बढ़ाएंगी(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *