(महराजगंजUP)03जून,2024.
महराजगंज में कल 4 जून को मतगणना होना है। इसके लिए एनआईसी सभागार में सामान्य प्रेक्षक गुरप्रीत कौर सप्रा की अध्यक्षता में विधानसभावार मतगणना कार्मिकों का रेंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान डीएम ने प्रेक्षक, प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि रेंडमाइजेशन के दौरान मतगणना कार्मिकों को विधान सभा आवंटित किया जाएगा। सभी पोलिंग पार्टियों को टेबल का आवंटन मतगणना के दिन किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री अनुनय झा ने यह भी अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है और आयोग के निर्देशों का शत्-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया गया है।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जनपद मे ईवीएम से गणना हेतु 95 पोलिंग पार्टियों का रैंडमाइजेशन किया गया है। रैंडमाईजेशन 120 प्रतिशत पर किया गया है। इनमे से प्रति विधान सभा 14 टेबल और कुल 70 टेबल ईवीएम की गणना हेतु होंगे। जबकि प्रत्येक विधान सभा पर 05 पार्टियां रिजर्व में होंगी। प्रत्येक टेबल पर 01 सुपरवाइजर, 01 मतगणना सहायक, 01 माइक्रो आब्जर्वर और 01 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहेगा। इनके अतिरिक्त पोस्टल बैलेट की गणना हेतु 09 टेबल होंगे और प्रत्येक टेबल पर 01 सुपरवाइजर, 02 मतगणना सहायक व 01 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहेगा। ईटीपीबीएस की गणना हेतु 10 टेबल होंगे, जिनपर 01 सुपरवाइजर और 01 मतगणना सहायक रहेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि ईटीपीबीएस हेतु 01 एआरओ, पोस्टल बैलेट हेतु 09 एआरओ और विधानसभा के 05 एआरओ मतगणना को संपन्न कराएंगे। मतगणना में विधानसभावार प्रति टेबल 01 एजेंट, पोस्टल बैलेट हेतु प्रति टेबल 01 एजेंट और ईटीपीबीएस हेतु 01 एजेंट नियुक्त होगा। प्रत्येक प्रत्याशी के कुल 86 एजेंट होंगे जो अपने प्रत्याशी के प्रतिनिधि के रूप में मतगणना की निगरानी करेंगे।
इस दौरान प्रेक्षक ने राजनीतिक प्रतिनिधियों से मतदान के संदर्भ में फीडबैक भी प्राप्त किया। सभी ने मतदान प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। सभी मतदान के शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिलाधिकारी ने राजनीतिक प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार अबतक की प्रक्रिया शुचितापूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है, उसी प्रकार मतगणना भी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
जिलाधिकारी श्री अनुनय झा ने बताया कि जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। कानून हाथ में लेने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। 1 से 2 दो बजे तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद है इसके बाद परिणाम आ जाएगा।