उ.प्र.में एक साथ दो तरह के मौसम

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)24जनवरी,2026.

उत्तर प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश संभल में 95 मिमी. हुई। मौसम विभाग के अनुसार, तराई के ऊपरी इलाकों में उत्तराखंड बॉर्डर पर अच्छी बारिश हुई। बारिश का यह दौर 26 जनवरी के बाद यानी 27 और 28 जनवरी को फिर से लौटेगा और ठीक-ठाक बारिश के आसार हैं। रविवार से मौसम में 5 से 6 डिग्री की गिरावट भी आने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार देर रात मेरठ में 38 मिमी., मुजफ्फरनगर में 31.2 मिमी. और सहारनपुर में 31 मिमी. बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही उत्तराखंड बॉर्डर के जिलों में 60 से 70 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिन रविवार और सोमवार को तापमान में 5-6 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं।

फिलहाल तीन दिन तक मौसम शुष्क रहेगा लेकिन 27 जनवरी से बारिश का दौर दो दिन के लिए फिर से वापस आएगा और अच्छी बारिश की उम्मीद है। अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड से सटे जिलों में रविवार और सोमवार को सुबह घना कोहरा होने के आसार हैं। सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, मुरादाबाद समेत कई जिले कोहरे से प्रभावित हो सकते हैं।

राजधानी में सीजन की सबसे गर्म रही रात:

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार रात राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री दर्ज किया गया जो इस सीजन का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा। यही नहीं, सबसे अधिक न्यूनतम तापमान के साथ लखनऊ में पिछली रात प्रदेश में भी सबसे गर्म दर्ज की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ के इतिहास में यह 2005, 2007 और 2019 के बाद जनवरी माह की चौथी सबसे गर्म रात रही।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *