विक्षोभ के खत्म होते ही उ.प्र.में पड़ने लगी गर्मी

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)10फरवरी,2026.

उत्तर प्रदेश में मौसम ने धीरे-धीरे करवट लेना शुरू कर दिया है। पछुआ के कमजोर पड़ने और उसकी रफ्तार धीमी होने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। धूप में गर्माहट साफ महसूस होने लगी है और दिन के समय ऊनी कपड़ों व जैकेट की जरूरत लगभग खत्म हो गई है।

कई जगहों पर लोग ऊनी कपड़ों में असहज महसूस कर रहे हैं, जो मौसम के बदलते मिजाज का संकेत है। सोमवार की सुबह तराई इलाकों, खासकर उत्तराखंड और नेपाल से सटे जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा देखने को मिला। हालांकि, प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से पूरे प्रदेश को कोहरे से निजात मिल जाएगी। फिलहाल मंगलवार के लिए कहीं भी कोहरे की चेतावनी जारी नहीं की गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र प्रभावी नहीं है। इसी कारण आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में क्रमशः वृद्धि देखने को मिल सकती है। उन्होंने अगले सात दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

लखनऊ में अब धूप की तल्खी बढ़ रही है।
राजधानी में सोमवार को मौसम ने अचानक गर्माहट का एहसास कराया। पछुआ की रफ्तार धीमी पड़ते ही धूप की तल्खी बढ़ गई, जिससे दिन में धूप चुभती और परेशान करने वाली महसूस हुई। तेज धूप के कारण लोग असहज दिखे और जैकेट व ऊनी कपड़ों की जरूरत भी कम पड़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है और पछुआ कमजोर है, इसलिए तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। अगले सात दिन माैसम के शुष्क रहने के संकेत हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री की गिरावट के साथ 10 डिग्री सेल्सियस रहा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *