उ.प्र.में गर्मी के साथ बढ़ती हुई उमस

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)9मार्च,2026.

प्रदेश के बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर की तेज धूप से बचने के लिए लोग घरों से निकलने से कतराने लगे हैं और छतरी या गमछे का सहारा ले रहे हैं। सोमवार को बांदा में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक और सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा। झांसी, आगरा, उरई और प्रयागराज में भी पारा 37 डिग्री के आसपास पहुंच गया। कई जिलों में तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री तक ऊपर दर्ज किया गया, जबकि उरई में यह औसत से 8.1 डिग्री अधिक रहा।

दूसरी ओर, धुंध और पुरवाई के कारण वाराणसी में सुबह दृश्यता 400 मीटर तक सिमट गई। सहारनपुर, गोरखपुर और कुशीनगर में भी दृश्यता करीब 500 मीटर रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार के बाद धुंध छंटेगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 14 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे तराई और पूर्वांचल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तब तक 10 से 14 मार्च के बीच दिन और रात के तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी बनी रहेगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *