चिकित्सा क्षेत्र में पीजीआई पुनः उत्कृष्टतम

Punjab/ Hariyana

(चंडीगढ़)9अप्रैल,2026.

चंडीगढ़ पीजीआई ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का परचम लहराया है। ईडीयू रैंक-2026 की ताजा रैंकिंग में पीजीआईएमईआर के डर्मेटोलॉजी विभाग ने लगातार तीसरे वर्ष एशिया में पहला स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही वेनेरियोलॉजी और लेप्रोलॉजी विभाग ने भी एशिया में शीर्ष स्थान प्राप्त कर संस्थान की प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है।

वैश्विक स्तर पर भी विभाग ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 19वें स्थान से सुधार कर 18वां स्थान हासिल किया है, जो देश के लिए गर्व का विषय है। वर्ष 2024 और 2025 के बाद 2026 में भी इस उपलब्धि को बरकरार रखना विभाग की निरंतर उत्कृष्टता को दर्शाता है।

पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह संस्थान की उच्च गुणवत्ता वाली रिसर्च, नवाचार और मरीज-केंद्रित सेवाओं का परिणाम है। उन्होंने विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव हांडा ने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, समर्पण और अकादमिक कठोरता का नतीजा है।

उन्होंने बताया कि विभाग रोज करीब 450 मरीजों की ओपीडी संभालते हुए भी उच्च स्तर की रिसर्च और शिक्षा को बनाए रखे है। यह रैंकिंग एशिया के 806 विश्वविद्यालयों के 3.29 लाख से अधिक शोध प्रकाशनों और 52.6 लाख उद्धरणों के विश्लेषण पर आधारित है, जो संस्थान की वैश्विक शोध गुणवत्ता को दर्शाती है।

वैश्विक सूची में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी, मेयो क्लिनिक और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की मौजूदगी के बीच यह उपलब्धि और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यह साबित करता है कि पीजीआईएमईआर चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और उपचार में देश और विश्व स्तर पर अग्रणी संस्थानों में शामिल है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *