“राज्य का हो रहा सर्वांगीण विकास”-सीएम भजन लाल

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)09जून,2026.

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राजस्थान की डबल इंजन सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में विकास और सुशासन की नई राजनीति की शुरुआत हुई, जिसका सबसे अधिक लाभ गांव, गरीब और महिलाओं को मिला है।

ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री ने रखी सरकार की उपलब्धियां:
मुख्यमंत्री भीलवाड़ा जिले के खारी का लाम्बा गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जनधन खाते, हर घर जल, शौचालय निर्माण और मातृ सुरक्षा जैसी योजनाओं को जमीन पर उतारा है।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के कारण महिलाओं का सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ा है तथा वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता:
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार भी महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि मेधावी छात्राओं को स्कूटी योजना का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में राशि जमा करके दिया जाएगा। इसके अलावा मा-वाउचर योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत प्रति लीटर 5 रुपये के अनुदान से हजारों ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिली है।

लखपति दीदी योजना से आ रही आर्थिक क्रांति

भजनलाल शर्मा ने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक क्रांति ला रही है। राज्य सरकार ने इस योजना के तहत ऋण सीमा बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दी है और ब्याज दर घटाकर मात्र 1.5 प्रतिशत कर दी है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।(साभार एजेंसी )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *