दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बदलेगा मिजाज

National

(नई दिल्ली)18जून,2026

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है।

चलेगी तेज हवाएं:
आईएमडी के मुताबिक, कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज आंधी चलने और बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

सतर्क रहने की सलाह:
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।

एक सप्ताह तक राहत के आसार:
आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले एक सप्ताह तक मौसम सुहावना बना रह सकता है। 18 जून से 21 जून के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है। इससे लोगों को गर्मी और लू से काफी राहत मिलेगी।

तापमान में भी रहेगी नरमी:
पूर्वानुमान के मुताबिक,18 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 19 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 22 और 23 जून को मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहने का अनुमान है, हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *