(भिवानी,हरियाणा)18जून,2026
विमान सेवाओं के क्षेत्र में हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है तथा विमान मानचित्र पर ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी के गुजरानी हवाई पट्टी पर 31 करोड़ रुपये की लागत से चौ. बंसीलाल सिविल एयरोड्रम पर नवनिर्मित हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी भवन), सुरक्षा चौकी व कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट से अब चंडीगढ़ और जयपुर के अलावा जम्मू, अहमदाबाद व दिल्ली के लिए भी जल्द सेवाएं शुरू होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भिवानी हवाई पट्टी पर बने इस हैंगर व एयर ट्रैफिक कंट्रोल भवन से हेलीकॉप्टर व जहाजों का यहां से सुरक्षित संचालन किया जा सकेगा। इसके साथ ही विमानों के रखरखाव का कार्य भी आसान होगा। उद्घाटन के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी के चौधरी बंसीलाल एयरोड्रम पर 120 पायलटों ने ट्रेनिंग पूरी की है और उन्होंने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़, जयपुर व अयोध्या के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की थी। अब इसका विस्तार करते हुए हिसार एयरपोर्ट से जम्मू, अहमदाबाद तथा दिल्ली के लिए विमान सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट के विकास के लिए पैसेंजर टर्मिनल व कार्गो टर्मिनल का कार्य तेजी से शुरू किया गया है और इसे 2027 तक पूरा कर एक विकसित हवाई अड्डे के रूप में तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी हवाई पट्टी पर फ्लाइट ट्रेनिंग का कार्य आने वाले समय में और गति पकड़ेगा तथा यहां बेहतर पायलट तैयार होंगे जिससे हरियाणा और भारत का नाम एविएशन क्षेत्र में मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि विमान क्षेत्र में अब विदेशों पर निर्भरता कम करने के लिए हिसार को एमआरओ हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे विमानों के मेंटेनेंस, रिपेयर एवं ओवरहॉल यानी रखरखाव व मरम्मत का कार्य किया जा सकेगा और विमानों को उड़ान के लिए सक्षम बनाया जाएगा। इससे इस क्षेत्र में रोजगार में वृद्धि होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भारत में बनकर तैयार होने वाले शत्रुजीत हेलीकॉप्टर की सीट पर बैठकर उसका निरीक्षण भी किया। कर्नल रामपाल सुहाग ने बताया कि इन विमानों की असेंबलिंग व कुछ कलपुर्जों का निर्माण अब भारत में ही होगा। एयरफोर्स, आईटीबीपी सहित विभिन्न सेनाओं ने लगभग 1400 इन हेलीकॉप्टरों की मांग की है। इस दौरान सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ व विधायक कपूर वाल्मीकि मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)
