(नई दिल्ली)23जून,2026.
आज 23 जून 2026 को देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। IMD के अनुसार भारत के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों तक मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। IMD का कहना है कि कुछ जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस तेज आंधी और बारिश के कारण किसानों की तैयार फसलों के बर्बाद होने का खतरा काफी बढ़ गया है।
IMD के अनुसार, इस साल मानसून पिछले साल के मुकाबले थोड़ी देरी से आया है। साल 2025 में 26 मई को ही मानसून पूर्वोत्तर के अधिकांश हिस्सों में पहुंच गया था। हालांकि, अब मानसून के आगे बढ़ने से पूरे क्षेत्र में अच्छी बारिश की पूरी उम्मीद है। 28 जून तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बड़े स्तर पर बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से असम और मेघालय के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश का अलर्ट है।
दिल्ली, यूपी और बिहार में गर्मी से राहत:
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलने वाली है। IMD के मुताबिक 26 जून तक दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 26 जून के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दूसरी तरफ बिहार के गया, चंपारण, मुजफ्फरपुर और पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश और 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। पटना का अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
राजस्थान और हिमाचल प्रदेश का हाल:
IMD के अनुसार राजस्थान के चूरू, जयपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर और कोटा समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवा के झोंके चल सकते हैं। आज जयपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और चंबा जिले में बर्फबारी होने की भी आशंका जताई गई है।
दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में इस समय एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। IMD के अनुसार इस वजह से तमिलनाडु के पांच जिलों में 26 जून तक भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है।(साभार एजेंसी)
