(रेवाड़ी,हरियाणा)10जुलाई,2026
हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार सुबह रामपुरा रोड स्थित कार्यक्रम में 30 आधुनिक एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। एंबुलेंस रवाना करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार जिले के विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गईं। स्वास्थ्य मंत्री अब शहर स्थित जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित जांगिड़ महासभा के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यहां वह समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगी और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगी। इसके बाद आरती सिंह राव गुड़ियानी पहुंचेंगी, जहां रामलीला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगी। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल की जाएगी।
गुड़ियानी के कार्यक्रम के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री कोसली जाएंगी। वहां कोसली बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में वह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद होगा और क्षेत्र के विकास तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।(साभार एजेंसी)
