नेपाल की बारिश से गंडक में उफान,खतरे में निचले इलाके

Bihar / Jharkhand

(पटना,बिहार)14जुलाई,2026

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर अब गंडक नदी के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है।दोपहर 12 बजे तक वाल्मीकिनगर गंडक बराज से 1,25,600 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

बाढ़ के खतरे को देखते हुए कंट्रोल रूम हाई अलर्ट पर:
जल संसाधन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम को हाई अलर्ट पर रखा है। नदी के जलस्तर की पल-पल निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

तीन शिफ्टों में हो रही निगरानी,हर बदलाव पर पैनी नजर:
गंडक बराज के कार्यपालक अभियंता इकबाल अहमद ने बताया कि कंट्रोल रूम का संचालन तीन शिफ्टों में अलग-अलग टीमों द्वारा किया जा रहा है। जलस्तर में होने वाले हर बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है।

नेपाल में बारिश जारी,बढ़ सकता है पानी का डिस्चार्ज:
उन्होंने बताया कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण आने वाले दिनों में बराज से पानी के डिस्चार्ज में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसे देखते हुए बराज के साथ-साथ तटबंधों की निगरानी भी तेज कर दी गई है।

निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील:
जल संसाधन विभाग ने गंडक नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *