सीएम योगी देंगे 69.58 करोड़ के सड़क की सौगात

Uttar Pradesh

(गोरखपुर,UP)0अगस्त,2026

चौड़ी, मजबूत और चमचमाती सड़कों के लिहाज से सिरमौर बने गोरखपुर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों रोड कनेक्टिविटी की एक और परियोजना की सौगात मिलने जा रही है। सोमवार (10 अगस्त) को सीएम योगी गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे।

करीब दो किमी की लंबाई में इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये की लागत आई है। मुख्यमंत्री सोमवार दोपहर बाद इसे समारोहपूर्वक जनता को समर्पित करेंगे। गोरखपुर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में जारी कार्यों की श्रृंखला में रोड कनेक्टिविटी की एक और परियोजना पूर्ण कर ली गई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग- 24 (सोनौली नौतनवां गोरखपुर) से निकलकर यह सड़क ग्रीन सिटी, पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है। इसका चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड- 2 ने कराया है।

सड़क चौड़ी हो जाने से ग्रीन सिटी और इससे जुड़ी कॉलोनियों में आवागमन सुगम होने के साथ ही माधोपुर बंधा जाने के लिए भी एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिला है। सड़क के दोनों तरफ ड्रेन का निर्माण कराया गया है ताकि जलनिकासी की भी समुचित व्यवस्था रहे। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *