(जयपुर,राजस्थान)31अगस्त,2026
8वें केंद्रीय वेतन आयोग द्वारा देशभर में स्टेकहोल्डर्स के साथ किए जा रहे संवाद एवं परामर्श के क्रम में सोमवार को जयपुर में हरिशचंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान में आयोग के सदस्य सचिव श्री पंकज जैन ने केन्द्र व राज्य सरकार में कार्यरत महिला प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।
बैठक में एचसीएम रीपा की महानिदेशक श्रीमती श्रेया गुहा ने बताया कि केन्द्रीय वेतन आयोग द्वारा पहली बार संवाद कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से केन्द्र व राज्य सरकार की महिला अधिकारियों, कर्मचारियों के विचार आमंत्रित कर इस प्रकार का संवाद कार्यक्रम किया। महिला अधिकारियों ने आयोग के समक्ष अपने विचारों का दो सत्रों में प्रस्तुतीकरण कर मुख्यतः महिला कार्मिकों से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय प्रदान की।
सदस्य सचिव ने महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों की राय मांगी तथा उनके सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना।
संवाद कार्यक्रम के दौरान 8वें वेतन आयोग की अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्रीमती रंजना प्रकाश देसाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ी तथा आयोग के अतिरिक्त सचिव श्री बृजेंद्र नवनीत, संयुक्त सचिव श्री नीरज कुमार गयागी, निदेशक श्री आनंद कुमार झा, श्री कृष्णा वी. आर. व निदेशकगण श्री आशीष यादव तथा श्री अभय एन. सहाय, उप सचिव, सुश्री प्रतिभा राही, अवर सचिव व श्री राहुल डाली, श्री अनूप कुमार मौजूद रहे।
इस संवाद कार्यक्रम में एचसीएम रीपा की महानिदेशक श्रीमती श्रेया गुहा ने भी महिला कार्मिकों से संबंधित मुद्दों पर सकारात्मक विचार प्रस्तुत किये। इस अवसर पर रीपा के अतिरिक्त महानिदेशक श्री शाहीन अली खान, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. प्रभा व्यास, संयुक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती शिप्रा शर्मा एवं उप निदेशक (प्रशासन) श्रीमती नीलम मीणा भी मौजूद रही।(साभार सू वि)
