बिहार सरकार का दावा- बाढ़ से दो दिनों में राहत के आसार

Bihar

(पटना,बिहार)07जुलाई,2026

बिहार में गंगा, पुनपुन, गंडक समेत कई नदियों के जलस्तर में भारी वृद्धि के बावजूद बाढ़ की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। जल संसाधन विभाग के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सोमवार को कहा कि विभाग और जिला प्रशासन की लगातार निगरानी से तटबंधों को सुरक्षित रखने में सफलता मिली है। उन्होंने अगले एक से दो दिनों में स्थिति में और सुधार की उम्मीद जताई है। सिंचाई भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय कुमार चौधरी ने बताया कि इस वर्ष गांधीघाट पर गंगा का जलस्तर 50.58 मीटर तक पहुंच गया है। यह 2016 में दर्ज किए गए 50.52 मीटर के उच्चतम जलस्तर से भी अधिक है। इसके बावजूद पटना को सुरक्षित रखा गया है।

उन्होंने कहा कि गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण कई इलाकों में बैकवाटर का प्रभाव देखने को मिल रहा है। गंगा में पानी का दबाव बढ़ने से गंडक और पुनपुन समेत उन नदियों के पानी का निकास प्रभावित हुआ है, जिनका पानी गंगा में गिरता है। इससे इन नदियों के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ा है।

171 जगहों पर फ्लड फाइटिंग,14 स्थानों पर तटबंध प्रभावित:

जल संसाधन विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में अत्यधिक जलश्राव और ऊंचे जलस्तर के बावजूद 171 स्थानों पर फ्लड फाइटिंग का काम कर तटबंधों को बचाया गया है। इनमें सिर्फ 14 स्थानों पर तटबंध में रिसाव या क्षति की स्थिति बनी। विभाग ने इनमें से 11 स्थानों की कम से कम समय में मरम्मती करा दी है, जबकि तीन स्थानों पर मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है।

भागलपुर में क्षतिग्रस्त बांध को किया सुरक्षित:

विभाग ने भागलपुर के खरीक प्रखंड में गंगा नदी पर बने काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के क्षतिग्रस्त होने के बाद भी आबादी वाले क्षेत्रों में पानी फैलने से रोकने का दावा किया है। अधिकारियों और अभियंताओं की लगातार निगरानी और आवश्यक कार्यों के बाद फिलहाल यह स्थल सुरक्षित बताया गया है।

‘तटबंध सुरक्षित तो आबादी भी सुरक्षित’

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा के जलस्तर में अब की उम्मीद है। राज्य के विभिन्न तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की दिन-रात निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तटबंध सुरक्षित रहते हैं तो आबादी भी सुरक्षित रहती है। विभाग के अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *