सीएम सैनी का बड़ा तोहफा,132 खिलाड़ियों को 189 करोड़ के इनाम और नौकरियां

Hariyana

(भिवानी,हरियाणा)30अक्टूबर,2026

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज भिवानी में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले 132 खिलाड़ियों को 189 करोड़ रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी पात्र खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के ऑफर लेटर भी प्रदान किए, जिससे खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में शामिल होकर उन्हें गौरव की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल खिलाड़ियों का नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के त्याग एवं समर्पण का भी सम्मान है, जिन्होंने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 32 पदक और पैरा एशियाई खेलों में 31 पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह हमारी मजबूत खेल नीति और खिलाड़ियों को दी जा रही बेहतर सुविधाओं का ही परिणाम है कि हमारे खिलाड़ी निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहे हैं।

उन्होंने भरोसा जताया कि हरियाणा के ये जांबाज खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक खेलों में भी देश का तिरंगा गर्व से लहराएंगे।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *