(भिवानी,हरियाणा)30अक्टूबर,2026
हरियाणा सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हरियाणा खेलों की नर्सरी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज भिवानी में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में एशियाई और पैरा एशियाई खेलों के 132 पदक विजेता खिलाड़ियों को 189 करोड़ रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पात्र खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके और वे बिना किसी चिंता के खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियाई और पैरा एशियाई खेलों के वीर खिलाड़ियों के बीच आकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों, कोच और सहयोगी स्टाफ के त्याग, तपस्या और समर्पण का भी सम्मान है, जिनकी बदौलत खिलाड़ी इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 32 पदक और पैरा एशियाई खेलों में 31 पदक जीतकर पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार की दूरदर्शी खेल नीति, विश्वस्तरीय सुविधाएं और खिलाड़ियों को मिलने वाला सम्मान के कारण हरियाणा के खिलाड़ी आज हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छाए हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यही खिलाड़ी आने वाले ओलंपिक खेलों में भी देश के तिरंगे को पूरी शान से लहराएंगे।(साभार सोशल मीडिया)
