(पटना,बिहार) 01नवंबर,2026
बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज पटना स्थित कॉम्फेड परिसर में अत्याधुनिक Integrated Command and Control Centre (ICCC) का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादकों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और सौगातें दी गईं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान Direct Account Transfer प्रणाली के माध्यम से प्रदेश की 5,832 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों से जुड़े 1,06,063 लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में कुल 68.51 करोड़ रुपये की राशि का प्रत्यक्ष अंतरण किया। इस पहल से दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पशुपालकों और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर संवाद के लिए नव-निर्मित कॉल सेंटर ‘सुधा सम्पर्क’ का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता बिहार के दूध, तरकारी और मछली को राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिदिन 50 लाख लीटर दूध संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और राज्य के प्रत्येक गांव में दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति के गठन का संकल्प लिया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जैविक उद्यान, पटना में सुधा कैफेटेरिया एवं तरकारी दुकान तथा मीठापुर स्थित मीन भवन में Fresh Catch Kiosk एवं सुधा पार्लर का भी उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सुधा’ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बड़ा ब्रांड बनाने तथा अन्य राज्यों में इसके विस्तार की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है, जिससे बिहार के किसानों और पशुपालकों की आय में निरंतर वृद्धि होगी।(साभार सोशल मीडिया)
