कॉमनवेल्थ कबड्डी में भारत का परचम, पुरुष-महिला टीम ने जीता गोल्ड

National

(नई दिल्ली) 01नवंबर,2026

अहमदाबाद में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय कबड्डी ने इतिहास रच दिया है। भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खिताब जीतकर दोहरी सफलता हासिल की है।

पुरुष वर्ग के फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 54-20 के बड़े अंतर से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। मुकाबले में भारत ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। स्टार रेडर आदित्य शिंदे ने शानदार खेल दिखाते हुए 14 रेड में 10 पॉइंट हासिल किए, जिसमें 4 बोनस पॉइंट भी शामिल थे। भरत हुड्डा ने 8 और पंकज मोहिते ने 6 अंकों का योगदान दिया। उपकप्तान नवीन कुमार ने 5 पॉइंट जोड़े। डिफेंस में योगेश दहिया ने कमाल करते हुए हाई-फाइव पूरा किया और पहले हाफ में ही 5 सफल टैकल किए। हाफ टाइम तक भारत 30-10 से आगे था और श्रीलंका को दो बार ऑलआउट कर चुका था।

इससे पहले महिला फाइनल में भारतीय महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से एकतरफा अंदाज में हराया। साक्षी ने 10 रेड में 9 अंक लेकर टीम को जीत दिलाई।

भारतीय पुरुष टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और सभी 8 मुकाबले जीते। ग्रुप-ए में इंग्लैंड को 46-26, युगांडा को 44-30, मलेशिया को 37-23, नाइजीरिया को 50-23, तंजानिया को 48-20 और श्रीलंका को 45-24 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 56-27 और फाइनल में श्रीलंका को 54-20 से मात दी। महिला टीम भी टूर्नामेंट में अजेय रही।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *