(मेरठ,UP)14नवंबर,2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ की क्रांति धरा पर आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल हुए। इस बात की जानकारी उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समारोह में देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों की वीर नारियों, उनकी माताओं और वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का त्याग और बलिदान अतुलनीय है। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय सशस्त्र सेनाओं में उत्तर प्रदेश के वीर सपूतों के शौर्य और पराक्रम की गाथाओं पर आधारित पुस्तक ‘शौर्यगाथा’ का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक प्रदेश के बहादुर जवानों के अद्वितीय साहस को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बनाए गए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का लोकार्पण भी किया। इन कार्यालयों के माध्यम से पूर्व सैनिकों को पेंशन, पुनर्वास और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सहायता एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान और सुविधाओं के लिए पूरी तरह से समर्पित है। अंत में उन्होंने उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों, सैन्य अधिकारियों और उनके परिजनों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।(साभार सोशल मीडिया)
