(जयपुर,राजस्थान)14नवंबर,2026
राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने आगामी 8 से 10 दिसंबर तक होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं बेहतर तालमेल के साथ निर्धारित समय पर पूरी की जाएं, ताकि यह आयोजन भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समारोह को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य विश्वभर में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल, उद्यमशीलता और निवेश क्षमता को राजस्थान की विकास यात्रा के साथ जोड़ना है। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार के अवसर और औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। सरकार की कोशिश है कि प्रवासी राजस्थानी प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि दुनिया के किसी भी कोने में बसे राजस्थानी अपनी मातृभूमि, अपनी संस्कृति और अपनी गौरवशाली विरासत से लगातार जुड़े रहें और अपने अनुभव, क्षमता और भागीदारी से विकसित राजस्थान के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवासी राजस्थानियों के लिए निवेश, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े विभिन्न सत्रों का प्रभावी रूप से आयोजन किया जाए। साथ ही बाहर से आने वाले मेहमानों के स्वागत, रहने, परिवहन और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यह समारोह राजस्थान की समृद्ध संस्कृति को वैश्विक मंच पर सामने लाने और प्रवासी समुदाय को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।(साभार सोशल मीडिया)
