आईएनएस सह्याद्रि और जेएस इसे ने किया जाइमेक्स 2026 अभ्यास

National

(नई दिल्ली)17नवंबर,2026

भारतीय नौसेना के स्वदेशी निर्देशित मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्रि और जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) के युद्धपोत जेएस इसे ने भारत-जापान द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘जाइमेक्स 2026’ में हिस्सा लिया। यह अभ्यास 13 और 14 नवंबर को आयोजित किया गया।

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता के अनुसार, अभ्यास के दौरान समुद्र में समन्वित गतिविधियां, संचार अभ्यास और दोनों जहाजों के बीच क्रॉस-डेक लैंडिंग जैसी गतिविधियां की गईं। इन अभ्यासों का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और परिचालन समझ को विकसित करना था।

जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स ने कहा कि इस अभ्यास से उसकी सामरिक क्षमताओं और भारतीय नौसेना के साथ सहयोग को मजबूती मिली।

जेएमएसडीएफ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि जेएस इसे ने भारतीय नौसेना के आईएनएस सह्याद्रि के साथ 13-14 नवंबर को द्विपक्षीय अभ्यास किया। जेएमएसडीएफ के मुताबिक, इससे दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन सहयोग और सामरिक समन्वय को बढ़ावा मिला।

इससे पहले 12 नवंबर को आईएनएस सह्याद्रि ने जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे से प्रस्थान किया था। इससे पहले उसने मालाबार 2026 अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा किया था। इस बहुपक्षीय अभ्यास में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं ने हिस्सा लिया था।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मालाबार अभ्यास के दौरान बंदरगाह चरण में पेशेवर गतिविधियां और समुद्री चरण में समन्वित नौसैनिक अभियान आयोजित किए गए। समुद्री चरण में पनडुब्बी रोधी युद्ध अभ्यास, जहाज पर चढ़कर तलाशी एवं जब्ती (वीबीएसएस), समुद्री अवरोधन अभियान, तोपों से फायरिंग, समुद्र में रसद एवं ईंधन की आपूर्ति से जुड़े अभ्यास और क्रॉस-डेक लैंडिंग शामिल थे।

इन गतिविधियों से भाग लेने वाली नौसेनाओं को आपसी तालमेल, परिचालन समन्वय और एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। वहीं, बंदरगाह चरण में परिचालन समन्वय, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनसे नौसैनिक कर्मियों के बीच आपसी संबंध और सहयोग मजबूत हुआ।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मालाबार अभ्यास का सफल समापन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग और सामूहिक सुरक्षा के प्रति भाग लेने वाली नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह भारत के ‘महासागर’ दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका तात्पर्य क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *