(चंडीगढ़,हरियाणा)18नवंबर,2026
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में होने वाला अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 इस बार इतिहास रचने जा रहा है। पहली बार गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ पर भी मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अब तक सभी बड़े आयोजन ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग तक सीमित रहते थे। इस नई पहल से श्रद्धालुओं को गीता उपदेश स्थली पर ही आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव मिलेगा।
हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने मंगलवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
डॉ. दहिया ने बताया कि महोत्सव का विस्तार 5 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक रहेगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम 14 से 20 दिसंबर तक चलेंगे। इन सात दिनों में ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर दोनों जगहों पर भव्य सांस्कृतिक संध्याएं, गीता सेमिनार, हरियाणा पवेलियन, सरस मेला, शिल्प मेला और क्राफ्ट बाजार सजेंगे। लाइट एंड साउंड शो और भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के दर्शन मुख्य आकर्षण होंगे।
गीता के 18 अध्यायों पर आधारित 18 भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। देश के नामी सूफी गायक, बॉलीवुड कलाकार, हरियाणवी लोक कलाकार और विदेशी सांस्कृतिक दल गीता थीम पर प्रस्तुतियां देंगे। ज्योतिसर में विशेष लाइटिंग, बैठने, स्वच्छता और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है और वहां के कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण ब्रह्मसरोवर की एलईडी स्क्रीनों पर होगा।(साभार सू वि)
