(लखनऊ,UP)18नवंबर,2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में NSG के कमांडोज ने मॉक ड्रिल के माध्यम से आतंकवाद निरोधी अभियानों का शानदार प्रदर्शन किया। जवानों ने अदम्य साहस, सामरिक दक्षता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए आतंकियों को निष्क्रिय करने, बंधकों को सुरक्षित मुक्त कराने, विस्फोटक पदार्थों को नष्ट करने तथा वीआईपी सुरक्षा के जटिल अभ्यास को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान वर्टिकल ऑपरेशन और धमाके के बीच वीआईपी इवैक्यूएशन की कार्यवाही ने सबका ध्यान खींचा। कार्यक्रम में NSG की के-9 यूनिट के खोजी श्वान ‘डॉनी’ द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प टोकरी भेंट करना विशेष आकर्षण रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि NSG और उत्तर प्रदेश पुलिस का यह संयुक्त प्रशिक्षण आतंकवाद, ड्रोन हमले और विमान अपहरण जैसी नई सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी समन्वय और परिचालन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करेगा। यह प्रशिक्षण एक माह तक चलेगा, जिसमें NSG के विशेषज्ञ प्रशिक्षक यूपी पुलिस व एटीएस के चयनित जवानों को 13 महत्वपूर्ण विषयों में दक्ष बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले दंगों और अराजकता के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यह ‘लॉलेस लैंड से लैंड ऑफ लॉ’ बन चुका है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट क्रियाशील हैं, 10 नई यूनिटों का गठन किया जा रहा है। साइबर थानों की संख्या 2 से बढ़कर 75 हो गई है और ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर NSG महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, IG ऑपरेशंस मेजर जनरल मुकेश कुमार भनवाला सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)
