(देहरादून )18नवंबर,2026
मुख्यमंत्री के सलाहकार (सेतु आयोग अवस्थापना विकास) और पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को देश का आदर्श हिमालयी राज्य बनाने के लिए विकसित उत्तराखंड विजन-2050 तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2050 में राज्य गठन के 50 वर्ष पूरे होंगे और स्वर्ण जयंती वर्ष तक प्रदेश को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए दीर्घकालिक लक्ष्य और प्राथमिकताएं निर्धारित की गई हैं।
दिनेश अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देने के लिए छह प्रमुख स्तंभों पर फोकस किया गया है। इनमें आर्थिकी और रोजगार सृजन, सामाजिक विकास, वन और पर्यावरण सुरक्षा, मजबूत आधारभूत ढांचा, स्थानीय निकायों और पंचायतों का सशक्तिकरण तथा प्रौद्योगिकी आधारित पारदर्शी सुशासन शामिल है। इन लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना और रोडमैप बनाया गया है।
विजन के आर्थिक लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की जीएसडीपी को मौजूदा 3.48 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 28.48 लाख करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है। प्रति व्यक्ति आय को 2.94 लाख रुपये से बढ़ाकर 20.4 लाख रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। एमएसएमई क्षेत्र के जरिये करीब 22.11 लाख रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। पर्यटन के क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में 2.5 गुना वृद्धि और विदेशी पर्यटकों की संख्या में दस गुना वृद्धि का लक्ष्य तय किया गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य में भी बड़े सुधार प्रस्तावित हैं। प्राथमिक से माध्यमिक तक ड्रॉपआउट दर को जीरो करने, उच्च शिक्षा में 87 प्रतिशत छात्रों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने और पॉलिटेक्निक में 90 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करने का लक्ष्य है। प्रदेश में 26 आयुष उत्कर्ष केंद्रों की स्थापना भी की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण के तहत 10,500 जलस्रोतों, पांच हजार धाराओं और 56 नदियों का पुनरुद्धार किया जाएगा। इंफ्रास्ट्रक्चर में 55,414 किलोमीटर सड़क नेटवर्क, 29 हेलीपोर्ट-हेलीपैड और 22 हजार मेगावाट ऊर्जा क्षमता का विकास होगा। साथ ही 4.5 लाख लखपति दीदी बनाने, शहरों में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति और सभी सरकारी सेवाओं को पेपरलेस, फेसलेस व कैशलेस बनाने का लक्ष्य भी शामिल है।(साभार सू वि)
