खेल महाकुंभ-2026 का शुभंकर लॉन्च,सरदार सिंह-परवीन हुड्डा सम्मानित

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)28नवंबर,2026

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ‘खेल महाकुम्भ हरियाणा-2026’ के शुभंकर का लोकार्पण किया। राज्य पशु काले हिरण की थीम पर आधारित यह शुभंकर हरियाणा की पहचान और खिलाड़ियों के जोश, फुर्ती व समर्पण का प्रतीक है। इस शुभंकर के माध्यम से प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और ऊर्जा को और अधिक बढ़ाने का संदेश दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह, एशियाई खेलों की पदक विजेता परवीन हुड्डा, नरेंद्र बॉक्सर को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इन खिलाड़ियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इनके संघर्ष और उपलब्धियों से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने इजिप्ट में जाने वाले हॉकी जूनियर टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों का जोश और उत्साह ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। हमें गर्व है कि जब भी पदकों की तालिका बनती है, उसमें हरियाणा का नाम सबसे ऊंचा होता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को खेलों की नर्सरी यूं ही नहीं कहा जाता, यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों से गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति और मजबूत होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और अनुशासन व मेहनत से अपने सपनों को साकार करें।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *